गुमियाबेड़ा में 4 हेक्टेयर आम क्लस्टर का शुभारंभ, कलेक्टर ने लगाया पौधा और ग्रामीणों को किया प्रेरित

नारायणपुर, छत्तीसगढ़

Jun 19, 2026 - 21:42
 0  16
गुमियाबेड़ा में 4 हेक्टेयर आम क्लस्टर का शुभारंभ, कलेक्टर ने लगाया पौधा और ग्रामीणों को किया प्रेरित

विकासखंड ओरछा के ग्राम गुमियाबेड़ा में मंगलवार को कलेक्टर नम्रता जैन ने 4 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित किए जा रहे आम पौधारोपण क्लस्टर का शुभारंभ किया। कलेक्टर ने खुद आम का पौधा रोपकर ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण और आय बढ़ाने के लिए ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाने व उनकी देखभाल करने के लिए प्रेरित किया।  

इस दौरान कृषक चमरूराम मंडावी, बामनराम पोयाम, कुमराम मंडावी और दसमन मंडावी के खेतों में आम के पौधे लगाए गए। क्लस्टर में दशहरी, आम्रपाली, बैंगनपल्ली, चौसा और तोतापरी किस्म के आम के पौधे रोपे जा रहे हैं। इसके लिए कुल 800 गड्ढे तैयार किए गए हैं।  

उद्यानिकी विभाग ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में क्लस्टर क्षेत्र की फेंसिंग कराई थी। अब मनरेगा के अभिसरण से हितग्राही किसानों के खेतों में आम के पौधे लगाए जा रहे हैं। यह पहल किसानों की आय बढ़ाने, बागवानी का रकबा विस्तार और लंबे समय तक आजीविका के साधन तैयार करने में अहम साबित होगी।  

कार्यक्रम में ग्रामीणों ने कलेक्टर के सामने स्कूल में बाउंड्रीवाल, किचन शेड और आंगनबाड़ी भवन बनाने की मांग रखी। कलेक्टर ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को जरूरी कार्रवाई के निर्देश दिए।  

पौधारोपण के बाद कलेक्टर ने प्राथमिक शाला गुमियाबेड़ा का औचक निरीक्षण भी किया। उन्होंने बच्चों से गणेश पुस्तक पर चर्चा की, शौचालय की साफ-सफाई देखी और दर्ज संख्या की जानकारी ली।  

इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत आकांक्षा शिक्षा खलखो, एसडीएम डॉ. सुमित गर्ग, जनपद पंचायत सीईओ लोकेश चतुर्वेदी, उद्यानिकी विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।