नारायणपुर: अबूझमाड़ के मसपुर में नुक्कड़ नाटक से नशामुक्ति-शिक्षा का संदेश, महिलाओं को बांटे सेनेटरी नैपकिन

नारायणपुर, छत्तीसगढ़

Jun 13, 2026 - 20:23
 0  132
नारायणपुर: अबूझमाड़ के मसपुर में नुक्कड़ नाटक से नशामुक्ति-शिक्षा का संदेश, महिलाओं को बांटे सेनेटरी नैपकिन

नारायणपुर के अबूझमाड़ क्षेत्र के सुदूर गांव मसपुर में माड़ रक्षा सेवा संस्था ने सहायता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन कर नशामुक्ति, शिक्षा और स्वच्छता का संदेश दिया। जिला मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूर घने जंगलों के बीच बसे इस गांव में संस्था ने ग्रामीण परिवारों को नए कपड़े और चप्पलें वितरित कीं, वहीं महिलाओं और किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए सेनेटरी नैपकिन भी बांटे। कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों को कॉपी, पेन, पेंसिल और स्टेशनरी देकर पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित किया गया। संस्था की टीम ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे के दुष्प्रभाव, शिक्षा की अहमियत, स्वच्छता और सामाजिक कुरीतियों पर ग्रामीणों को

 समझाया और बताया कि शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक एकता से ही गांव का समग्र विकास संभव है। ग्रामीणों ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और संस्था के प्रयासों की सराहना की। इस मौके पर संस्था के सदस्यों ने गांव वालों के साथ पारंपरिक गोंडी गीत गाए और गोटुल में सामूहिक नृत्य कर स्थानीय संस्कृति का सम्मान किया, जिससे ग्रामीणों और सदस्यों के बीच आत्मीय संवाद भी हुआ। कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था के अध्यक्ष शशांक तिवारी, सचिव कोमल उसेंडी के साथ सदस्य संदीप मिश्रा, सदफ़ अंजुम, कनेश्वरी दुग्गा, अम्बिका नाग, धनेश्वरी परिहार, विनय चंदेल, हिमांशु कोर्राम, रोशन मंडावी और अभय पटेल का विशेष योगदान रहा। संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि माड़ रक्षा सेवा संस्था, जिसकी स्थापना वर्ष 2019 में हुई और पंजीयन क्रमांक 0189 है, पिछले सात वर्षों से अबूझमाड़ के दुर्गम गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता के लिए लगातार काम कर रही है और आगे भी ऐसे शिविर आयोजित करती रहेगी।