रामकृष्ण मिशन औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में प्रवेश हेतु 01 जुलाई 2026 तक आवेदन आमंत्रित
नारायणपुर, छत्तीसगढ़
नारायणपुर, 03 जून 2026 रामकृष्ण मिशन आश्रम नारायणपुर द्वारा संचालित एवं एनसीवीटी नई दिल्ली से मान्यता प्राप्त रामकृष्ण मिशन औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, नारायणपुर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 एवं 2026-28 के लिए विभिन्न ट्रेडों में प्रवेश हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र संस्था में स्वयं उपस्थित होकर, डाक अथवा ई-मेल के माध्यम से जमा कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया 29 मई 2026 से प्रारंभ हो चुकी है तथा आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 01 जुलाई 2026 दोपहर 12 बजे तक निर्धारित की गई है।
संस्थान में विद्युतकार, मानचित्रकार सिविल, ट्रैक्टर मैकेनिक, फिटर, टर्नर, डीजल मैकेनिक, कोपा, वेल्डर, मेसन तथा वायरमैन जैसे विभिन्न व्यवसायों में प्रवेश दिया जाएगा। इन ट्रेडों के लिए शैक्षणिक योग्यता 10वीं अथवा 11वीं उत्तीर्ण निर्धारित की गई है। प्रशिक्षण अवधि 1 वर्ष एवं 2 वर्ष रखी गई है तथा प्रत्येक ट्रेड में निर्धारित सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा।
संस्था द्वारा बताया गया है कि आवेदन पत्र संस्थान परिसर से निःशुल्क प्राप्त किए जा सकते हैं। साथ ही आवेदन पत्र संस्थान की वेबसाइट www.rkmitinpr.org से डाउनलोड भी किए जा सकते हैं। आवेदन पत्र पूर्ण दस्तावेजों सहित ई-मेल rkmitiadmission@gmail.com पर भी भेजे जा सकते हैं।
प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र के साथ 10वीं की अंकसूची, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, आधार कार्ड एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज संलग्न करना अनिवार्य होगा। संस्था प्रबंधन के अनुसार केवल अनुसूचित जनजाति वर्ग के पुरुष अभ्यर्थी आवेदन करने के पात्र होंगे तथा चयन मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा।
संस्थान में छात्रावास सुविधा भी उपलब्ध है। प्रशिक्षण पूर्णतः निःशुल्क रहेगा तथा समय-समय पर रोजगार हेतु कैम्पस इंटरव्यू का आयोजन भी किया जाएगा। प्रवेश एवं नियमावली संबंधी विस्तृत जानकारी संस्था की वेबसाइट अथवा कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।





