नक्सलगढ़ में नई सुबह: ‘माड़ मैत्री’ अभियान में ITBP-पुलिस ने 7 गांवों में बांटी उम्मीद, खेती से जुड़ेंगे 80 परिवार

May 30, 2026 - 18:42
May 30, 2026 - 18:49
 0  18
नक्सलगढ़ में नई सुबह: ‘माड़ मैत्री’ अभियान में ITBP-पुलिस ने 7 गांवों में बांटी उम्मीद, खेती से जुड़ेंगे 80 परिवार

कस्तूरमेटा, नारायणपुर, 30 मई 2026। अबूझमाड़ के दुर्गम गांवों में विकास की नई इबारत लिखी जा रही है। शनिवार को ‘माड़ मैत्री’ अभियान के तहत ITBP और नारायणपुर पुलिस ने 7 गांवों के 80 ग्रामीणों को खेती की ट्रेनिंग देकर आत्मनिर्भरता की राह दिखाई।

कैंप कस्तूरमेटा में 45 महिलाओं और 35 पुरुषों को उन्नत बीज रोपण और आधुनिक खेती के तरीके सिखाए गए। हाथों में बंदूक की जगह बीज, साइकिल और पानी की टंकी पाकर ग्रामीणों के चेहरे खिल उठे। 

पुलिसपारा के एक ग्रामीण ने कहा, _“साइकिल से अब बच्चों को स्कूल और हाट-बाजार ले जाना आसान होगा। बीज से खेत लहलहाएगा।”_

SP रॉबिंसन गुड़िया और 41वीं बटालियन ITBP के कमांडेंट बेनुधर नायक के निर्देश पर हुए इस कार्यक्रम में हिक्का पारा, इंकनार, कटूलनार, पिंडिका और डूमनार के ग्रामीण शामिल हुए। 

‘माड़ मैत्री’ सिर्फ एक अभियान नहीं, भरोसे का पुल है। पुलिस और ITBP अब अबूझमाड़ को गोली से नहीं, खेती-किसानी और सरकारी योजनाओं से मुख्यधारा में जोड़ रही है।