जिले में ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर 11 मई से शुरू

नारायणपुर, छत्तीसगढ़

May 6, 2026 - 20:18
 0  16
जिले में ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर 11 मई से शुरू

नारायणपुर, 5 मई 2026 जिले में युवाओं को खेलों से जोड़ने और उनकी प्रतिभा निखारने के उद्देश्य से खेल एवं युवा कल्याण विभाग एवं जिला प्रशासन द्वारा 21 दिवसीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन 11 मई से 01 जून 2026 तक किया जाएगा। यह शिविर जिला मुख्यालय नारायणपुर में प्रतिदिन सुबह 6 से 8 बजे तथा शाम 5 से 7 बजे तक आयोजित होगा। शिविर में 19 वर्ष तक के बालक एवं बालिकाएं भाग लेकर विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे। प्रशिक्षण के दौरान आवश्यक खेल सामग्री, स्वल्पाहार, प्रमाण पत्र एवं अन्य व्यवस्थाएं विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा खिलाड़ियों को विभिन्न खेल विधाओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

             जिले में विभिन्न स्थानों पर अलग-अलग खेलों का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसमें क्रीड़ा परिसर मैदान एवं परेड ग्राउंड में एथलेटिक्स, फुटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन, खेलो इंडिया लघु केंद्र में मल्लखम्ब और क्रिकेट प्रशिक्षण केंद्र, परेड ग्राउंड में क्रिकेट इसके अलावा सभी प्रशिक्षण स्थलों पर योग एवं अन्य गतिविधियां भी आयोजित होंगी। शिविर के सफल संचालन के लिए विकासखंड नारायणपुर के खंड शिक्षा अधिकारी को नोडल अधिकारी तथा सहायक जिला क्रीड़ा अधिकारी श्री रामसाय वड्डे को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। जिला प्रशासन ने सभी खिलाड़ियों एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए बच्चों को खेल प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने के लिए प्रेरित करें। इच्छुक प्रतिभागी पंजीयन फार्म प्रशिक्षण स्थल पर या खेल एवं युवा कल्याण विभाग, जिला नारायणपुर कार्यालय से प्राप्त कर जमा कर सकते हैं।