सैनिक स्कूल अम्बिकापुर में प्रवेश हेतु जिले में आदेश जारी

नारायणपुर, छत्तीसगढ़

Nov 24, 2026 - 17:08
 0  16
सैनिक स्कूल अम्बिकापुर में प्रवेश हेतु जिले में आदेश जारी

नारायणपुर - रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन संचालित सैनिक स्कूल अम्बिकापुर में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा 6वीं एवं 9वीं में प्रवेश हेतु अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा (AISSEE) राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित की जाएगी।

सैनिक स्कूल अम्बिकापुर छत्तीसगढ़ राज्य का एकमात्र सैनिक स्कूल है, जो पूर्णतः आवासीय अंग्रेजी माध्यम का विद्यालय है। यह विद्यालय केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) के पाठ्यक्रम का अनुसरण करता है। इसका प्रमुख ध्येय 10+2 की तैयारी के साथ-साथ विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास कर उन्हें राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) के अधिकारी वर्ग में प्रवेश हेतु तैयार करना है।

वर्तमान में सैनिक स्कूल अम्बिकापुर में 600 कैडेट अध्ययनरत हैं। अब तक इस विद्यालय से 76 कैडेटों ने सैन्य बलों में अधिकारी के रूप में नियुक्त होकर राज्य का सम्मान बढ़ाया है, जिनमें से 70 कैडेट छत्तीसगढ़ राज्य के हैं। इसके अतिरिक्त 150 से अधिक कैडेटों ने चिकित्सा, इंजीनियरिंग, बैंकिंग, खेल-कूद एवं रेलवे जैसे प्रतिष्ठित क्षेत्रों में सफलता अर्जित की है, जिनमें से 90 से अधिक कैडेट छत्तीसगढ़ से हैं। नारायणपुर जिले के विभिन्न विद्यालयों के प्रमुख पहले ही राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के विद्यालयों में प्रवेश पाकर जिले को गौरवान्वित किया है जिससे इस बार सैनिक स्कूल अंबिकापुर के प्रवेश परीक्षा में अपनी योग्यता दिखाने का अवसर पूरे अबूझमाड़ के बच्चों के लिए खुला हुआ है।

प्रवेश परीक्षा का विवरण -

1. परीक्षा - अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा (AISSEE) 2027

2. प्रवेश कक्षा - कक्षा 6वीं एवं कक्षा 9वीं

3. प्रवेश परीक्षा की तिथि -31 जनवरी 2027 (संभावित)

4. आवेदन का माध्यम -ऑनलाइन, केवल NTA की वेबसाइट पर

5. वेबसाइट - http://www.nta.ac.in / https://exams.nta.ac.in/sainik-school-society

6. ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि -02 दिसंबर 2026, रात्रि 11:50 बजे तक

7. वार्षिक शुल्क - लगभग ₹2,35,000/- प्रति वर्ष, जिसमें ट्यूशन फीस, आहार व्यय, यूनिफार्म, पॉकेट मनी, आकस्मिक व्यय आदि सम्मिलित है।

8. छात्रवृत्ति - छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा अभिभावकों की आय के अनुसार कैडेटों के लिए छात्रवृत्ति का प्रावधान है।

9. विस्तृत जानकारी - https://www.sainikschoolambikapur.org.in

जिला शिक्षा अधिकारी, नारायणपुर ने जिले के समस्त विद्यालयों के संस्था प्रमुखों को निर्देशित किया है कि सैनिक स्कूल अम्बिकापुर में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के चयन परीक्षा हेतु अध्ययनरत् छात्र/छात्राओं एवं पालकों को प्रोत्साहित करते हुए कक्षा 5वीं एवं 8वीं में अध्ययनरत् विद्यार्थियों का पंजीयन कराना सुनिश्चित करें।

इच्छुक विद्यार्थी एवं पालक अंतिम तिथि की प्रतीक्षा न करें, समय पर ऑनलाइन आवेदन करें। आवेदन भरने में किसी भी प्रकार की कठिनाई होने पर अपने विद्यालय के प्राचार्य / प्रधान पाठक अथवा कार्यालय के श्री मनीष यादव, से 9406142896 पर संपर्क करें।