ईद मिलादुन्नबी पर सेवा की मिसाल, आजाद फाउंडेशन ने अस्पताल में बांटे फल, दिव्यांग बच्चों को दी पाठ्य सामग्री
नारायणपुर, छत्तीसगढ़
नारायणपुर, 26 अगस्त 2026
जश्ने ईद मिलादुन्नबी के मुबारक मौके पर आज़ाद फाउंडेशन और ऑल मुस्लिम वेलफेयर फाउंडेशन ने इंसानियत और भाईचारे की शानदार मिसाल पेश की।
दोनों संस्थाओं ने संयुक्त रूप से जिला अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों को फल वितरित किए और अस्पताल स्टाफ को कलम भेंट कर उनके सेवा भाव का सम्मान किया। सदस्यों ने सभी मरीजों के जल्द स्वस्थ होने की दुआ भी की।
इसके बाद संस्था के पदाधिकारी गरांजी स्थित 'परीयना' आवासीय दिव्यांग विद्यालय पहुंचे। यहां विशेष बच्चों के साथ समय बिताकर उन्हें भोजन और पाठ्य सामग्री उपलब्ध कराई गई।
फाउंडेशन के फाउंडर हाजी डॉ. सैय्यद वली आज़ाद ने बताया कि पिछले 10 वर्षों से लगातार ईद मिलादुन्नबी पर इस तरह के सेवा कार्य किए जा रहे हैं। संस्था का मकसद जरूरतमंद मरीजों को समय पर ब्लड उपलब्ध कराना और हर जरूरतमंद की मदद करना है।
जिला अध्यक्ष मुबारक खान अजहरी ने कहा कि पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की जिंदगी हमें इंसानियत और प्रेम का संदेश देती है। जरूरतमंदों के चेहरों पर मुस्कान लाना ही सच्ची इबादत है।
इस पहल में जिला संरक्षक मोहसिन रजा, हाशिम अहमद खान, प्रवक्ता शादान फारुकी, उपाध्यक्ष फारुक शाह, शेख शकील, सचिव अलतमश फारुकी सहित सभी सदस्यों का विशेष सहयोग रहा।





