नारायणपुर के बेनूर थाना क्षेत्र में गौवंश वध करते 12 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने मांस और हथियार किए जब्त

नारायणपुर, छत्तीसगढ़

Jun 29, 2026 - 10:28
 0  172
नारायणपुर के बेनूर थाना क्षेत्र में गौवंश वध करते 12 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने मांस और हथियार किए जब्त

नारायणपुर जिले के थाना बेनूर पुलिस ने गौवंश संरक्षण कानूनों के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम मालिंगनार पटेलपारा में गौवंश वध के मामले में 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को 27 जून 2026 को सूचना मिली थी कि मालिंगनार पटेलपारा में कुछ व्यक्तियों द्वारा गौवंश का वध किया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी बेनूर तत्काल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर पुलिस ने 12 व्यक्तियों को गौवंश को काटते हुए रंगे हाथों पकड़ा। 

पुलिस टीम ने मौके से भारी मात्रा में गौवंश का कच्चा मांस, पका हुआ मांस, चार पैर, पूंछ के टुकड़े और खाल बरामद की। साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई एक टंगिया और दो धारदार छुरियां भी जब्त की गईं। प्रथम दृष्टया सभी आरोपियों का कृत्य छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 5 और 10 के अंतर्गत दंडनीय पाया गया। इसी आधार पर थाना बेनूर में अपराध क्रमांक 08/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। 

गिरफ्तार किए गए सभी 12 आरोपी ग्राम मालिंगनार पटेलपारा, थाना बेनूर, जिला नारायणपुर के ही निवासी हैं। इनमें मंगलूराम सलाम 32 वर्ष, सिद्दू सलाम 58 वर्ष, मनकूर वड्डे 40 वर्ष, सुखमन करंगा 45 वर्ष, रामसिंग सलाम 35 वर्ष, इतवारु राम करंगा 42 वर्ष, मंगिया सलाम 30 वर्ष, सोमारू सलाम 27 वर्ष, मंगेल सलाम 50 वर्ष, मनकू वड्डे 40 वर्ष, सोमजी सलाम 30 वर्ष तथा सन्नू 22 वर्ष शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर 29 जून 2026 को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। 

नारायणपुर पुलिस ने बताया कि जिले में गौवंश संरक्षण संबंधी कानूनों का प्रभावी पालन कराने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे गौवंश संरक्षण संबंधी कानूनों का पालन करें और इस प्रकार की किसी भी अवैधानिक गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत नजदीकी थाने या पुलिस नियंत्रण कक्ष को सूचित करें, ताकि समय रहते वैधानिक कार्रवाई की जा सके।