मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दिए सख्त निर्देश, जमाखोरी और कालाबाजारी पर कड़ी कार्रवाई, पेट्रोल-डीजल और एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता

नारायणपुर, छत्तीसगढ़

Mar 28, 2026 - 20:37
 0  17
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दिए सख्त निर्देश, जमाखोरी और कालाबाजारी पर कड़ी कार्रवाई, पेट्रोल-डीजल और एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता

नारायणपुर, 28 मार्च 2026 जिले में पेट्रोलियम पदार्थों और एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी संभागायुक्त, आईजी, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षकों से चर्चा कर स्थिति की समीक्षा की और स्पष्ट निर्देश दिए कि आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की अफवाह से दूर रखा जाए।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रदेश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे घबराहट में अनावश्यक रूप से ईंधन या गैस का भंडारण न करें और दुष्प्रचार पर ध्यान न दें।

कलेक्टर श्रीमती नम्रता जैन ने बताया कि जिला खाद्य विभाग द्वारा प्रतिदिन स्टॉक और वितरण की निगरानी की जा रही है। अवैध भंडारण और दुरुपयोग रोकने के लिए नियमित जांच और छापेमारी की कार्रवाई जारी है। किसी भी अनियमितता पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। किसी भी समस्या की स्थिति में टोल फ्री नंबर 1800-233-3663, 1967, राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम 0771-2511975 तथा नारायणपुर जिला कंट्रोल कक्ष के मोबाइल नंबर 7898867241 पर संपर्क किया जा सकता है। शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए हैं।

एलपीजी उपभोक्ताओं को निर्धारित अंतराल के अनुसार ही रिफिल बुकिंग कराने की सलाह दी गई है। नगरीय क्षेत्रों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन का अंतराल तय किया गया है, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके। आवश्यक सेवाओं जैसे अस्पताल और शैक्षणिक संस्थानों को प्राथमिकता दी जा रही है, जबकि बिना लाइसेंस 100 किलोग्राम से अधिक गैस भंडारण पर प्रतिबंध लगाया गया है।

पुलिस अधीक्षक श्री रॉबिंसन गुड़िया ने चेतावनी दी कि जमाखोरी या कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की अनियमितता की सूचना मिलने पर दोषियों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

प्रशासन ने गैस एजेंसियों और उचित मूल्य दुकानों को उपभोक्ताओं को सही जानकारी देने और पारदर्शी वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। नागरिकों से अपील की गई है कि वे अफवाहों से दूर रहें और आवश्यक वस्तुओं का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें, ताकि सभी को समान रूप से लाभ मिल सके।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में अपर कलेक्टर बीरेंद्र बहादुर पंचभाई, डिप्टी कलेक्टर दुष्यंत कीर्तिमान कोसले सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।