PM नरेंद्र मोदी के भाषण में रेकावाया स्कूल का जिक्र, कलेक्टर नम्रता जैन ने 150 किमी सफर कर किया शुभारंभ
नारायणपुर, छत्तीसगढ़
नारायणपुर, 27 मार्च 2026 - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने भाषण में रेकावाया स्कूल का जिक्र किया था, जहां कभी नक्सलवाद का गढ़ था, अब शिक्षा और विकास की नई कहानी लिखी जा रही है। जिले की पहली कलेक्टर नम्रता जैन ने 150 किमी दुर्गम सफर तय कर रेकावाया पहुंचकर नव-निर्मित स्कूल भवन एवं बालक आश्रम शाला का विधिवत शुभारंभ किया।
कलेक्टर नम्रता जैन ने बच्चों के बीच बैठकर उनसे संवाद किया, उनके सपनों को सुना और उन्हें पढ़-लिखकर अपने भविष्य को संवारने के लिए प्रेरित किया। बच्चों ने कलेक्टर, पुलिस अधिकारी और शिक्षक बनने की इच्छा जताई, जो क्षेत्र में बदलती सोच का स्पष्ट संकेत है।
नारायणपुर जिले के दूरस्थ और कभी नक्सल प्रभावित इलाकों में एक समय ऐसा भी था, जब बचपन डर और असुरक्षा के साये में गुजरता था। लेकिन अब, रेकावाया स्कूल के शुभारंभ के साथ, यहां के बच्चों के लिए शिक्षा की नई किरण आई है।
इस अवसर पर सहायक आयुक्त आदिवासी विकास राजेन्द्र सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी अशोक पटेल, जनपद सीईओ ओरछा लोकेश चतुर्वेदी, शिक्षा मिशन समन्वयक दीनबंधु रावटे, प्राचार्य मनोज बागड़े सहित जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।





