त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन 2025 कलेक्टर और सीईओ ने ओरछा विकासखंड के मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
मतदान प्रक्रिया और व्यवस्थाओं का लिया जायजा, शांतिपूर्ण निर्वाचन के निर्देश
नारायणपुर, 23 फरवरी 2025 // त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2025 के अंतिम चरण में ओरछा विकासखंड के विभिन्न मतदान केंद्रों गोमे, कोंगे, आदनार, कंदाड़ी और कुन्दला का कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रतिष्ठा ममगाईं और जिला पंचायत सीईओ एवं रिटर्निंग ऑफिसर आकांक्षा शिक्षा खलखो ने निरीक्षण कर मतदान व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
कलेक्टर ममगाईं और सीईओ खलखो ने सबसे पहले कंदाड़ी मतदान केंद्र क्रमांक 07 का निरीक्षण किया, जहां कुल 798 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 405 पुरुष और 393 महिलाएं शामिल हैं। निरीक्षण के दौरान मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं। इसके बाद उन्होंने मतदान केंद्र क्रमांक 35 गोमे का निरीक्षण किया, जहां 307 मतदाता (142 पुरुष और 165 महिलाएं) अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंचे। आदनार मतदान केंद्र का निरीक्षण करते हुए मतदान अधिकारियों ने जानकारी दी कि यहां कुल 242 मतदाता हैं, जिनमें 142 पुरुष और 100 महिलाएं शामिल हैं। कलेक्टर ने मतदान प्रक्रिया को बारीकी से देखा और मतदाताओं से बातचीत कर अधिक से अधिक लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने मतदान अधिकारियों को निर्देश दिया कि दोपहर 2 बजे तक लाइन में लगे सभी मतदाताओं को पर्ची देखकर मतदान सुनिश्चित कराएं।
कलेक्टर और सीईओ ने कुन्दला मतदान केंद्र का भी निरीक्षण किया, जहां मतदान अधिकारियों ने जानकारी दी कि अब तक 303 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके हैं। कलेक्टर ममगाईं ने मतदान समाप्ति के बाद दोपहर 2 बजे से मतगणना शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए ताकि निर्वाचन प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण रूप से संपन्न हो सके।
ओरछा विकासखंड में कुल 21,437 मतदाता हैं, जिनमें 10,629 पुरुष और 10,808 महिलाएं शामिल हैं। इस चरण में विकासखंड के 31 मतदान केंद्रों को शिफ्ट किया गया है। पंच पद के कुल 393 में से 358 पदों पर प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए, जबकि शेष 35 पदों के लिए मतदान कराया गया। इसी तरह, सरपंच पद के 36 में से 13 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ, जबकि 23 पदों के लिए मतदान हुआ। जनपद सदस्य के 11 पद और जिला पंचायत सदस्य के 3 पदों के लिए भी मतदान कराया गया।





