दानवीर भामाशाह सम्मान वर्ष 2026 के लिए प्रस्ताव आमंत्रित

नारायणपुर, छत्तीसगढ़

Sep 16, 2026 - 21:35
 0  14
दानवीर भामाशाह सम्मान वर्ष 2026 के लिए प्रस्ताव आमंत्रित

नारायणपुर, 16 सितंबर 2026 छत्तीसगढ़ शासन के समाज कल्याण विभाग द्वारा प्रतिवर्ष राज्योत्सव के अवसर पर प्रदान किए जाने वाले दानवीर भामाशाह सम्मान वर्ष 2026 के लिए योग्य व्यक्तियों एवं संस्थाओं से प्रस्ताव आमंत्रित किए गए हैं। यह सम्मान दानशीलता, सौहार्द एवं अनुकरणीय सामाजिक सहयोग के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले उत्कृष्ट व्यक्तियों अथवा संस्थाओं को प्रदान किया जाता है। समाज कल्याण विभाग के निर्देशानुसार सम्मान के लिए ऐसे व्यक्ति अथवा संस्था पात्र होंगे, जो छत्तीसगढ़ में निवासरत अथवा कार्यरत हों, जिनके द्वारा पूर्व में उत्कृष्ट सामाजिक कार्य किए गए हों तथा वर्तमान में भी समाजसेवा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय योगदान दिया जा रहा हो।

प्रस्ताव के साथ संबंधित व्यक्ति अथवा संस्था का पूर्ण परिचय, दानशीलता एवं राष्ट्रीयता के क्षेत्र में किए गए कार्यों का विस्तृत विवरण, पूर्व में प्राप्त पुरस्कार अथवा सम्मान की जानकारी तथा उत्कृष्ट कार्यों से संबंधित प्रकाशित सामग्री एवं प्रतिष्ठित व्यक्तियों/पत्र-पत्रिकाओं द्वारा की गई टिप्पणियों की जानकारी संलग्न की जा सकती है। इच्छुक व्यक्ति एवं संस्थाएं अपना प्रस्ताव 30 सितंबर 2026 तक जिला कार्यालय, समाज कल्याण, नारायणपुर में जमा कर सकते हैं। विभाग ने पात्र एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों तथा संस्थाओं से निर्धारित समय-सीमा में प्रस्ताव प्रस्तुत करने की अपील की है।