नारायणपुर में 5 जून को श्रामिन कंपनी का कैंपस ड्राइव, 100 इलेक्ट्रिक मीटर टेक्नीशियन पदों पर भर्ती; 25 हजार तक मिलेगा वेतन
नारायणपुर, छत्तीसगढ़
नारायणपुर जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर सामने आया है। श्रामिन कंपनी द्वारा इलेक्ट्रिक मीटर टेक्नीशियन के 100 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए 5 जून 2026 को कैंपस ड्राइव का आयोजन किया जा रहा है। यह ड्राइव शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था आईटीआई नारायणपुर परिसर में सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चयनित अभ्यर्थियों को 15,000 से 25,000 रुपये प्रतिमाह वेतन के साथ सीटीसी और ट्रैवल अलाउंस भी प्रदान किया जाएगा। कंपनी ने भर्ती के लिए व्यापक योग्यता रखी है। आईटीआई के सभी तकनीकी ट्रेड, डिप्लोमा, स्नातक या 12वीं उत्तीर्ण युवा इस पद के लिए आवेदन कर सकते हैं। हालांकि अभ्यर्थियों के पास एलएमवी ड्राइविंग लाइसेंस होना अनिवार्य किया गया है। इस भर्ती प्रक्रिया में केवल पुरुष अभ्यर्थी ही शामिल हो सकेंगे।
जिला रोजगार विभाग ने बताया कि इच्छुक युवाओं को कैंपस ड्राइव में शामिल होने के लिए अपने सभी शैक्षणिक अंकसूचियों, आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र और ड्राइविंग लाइसेंस की मूल प्रति व एक सेट छायाप्रति के साथ आना होगा। दस्तावेजों की जांच के बाद ही चयन प्रक्रिया में भाग लेने दिया जाएगा।
जिला प्रशासन ने जिले के पात्र युवाओं से अपील की है कि वे इस रोजगार अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और निर्धारित तिथि व समय पर आईटीआई नारायणपुर पहुंचें। प्रशासन का मानना है कि इस तरह के कैंपस ड्राइव से जिले के तकनीकी रूप से प्रशिक्षित युवाओं को स्थानीय स्तर पर ही रोजगार मिल सकेगा और उन्हें बाहर पलायन नहीं करना पड़ेगा।
श्रामिन कंपनी द्वारा बड़े पैमाने पर की जा रही इस भर्ती को जिले में रोजगार के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।





