नारायणपुर पुलिस, आईटीबीपी और बाढ़ बचाव टीम की मुस्तैदी से ग्राम चिकपाल में जलमग्न क्षेत्र में फंसे 16 ग्रामीणों का हुआ सुरक्षित रेस्क्यू

नारायणपुर, छत्तीसगढ़

Jul 30, 2026 - 14:49
 0  40
नारायणपुर पुलिस, आईटीबीपी और बाढ़ बचाव टीम की मुस्तैदी से ग्राम चिकपाल में जलमग्न क्षेत्र में फंसे 16 ग्रामीणों का हुआ सुरक्षित रेस्क्यू

नारायणपुर, 27 जुलाई 2026 लगातार हो रही भारी वर्षा के कारण थाना धौड़ाई क्षेत्र के ग्राम चिकपाल में अचानक जलस्तर बढ़ जाने से 16 ग्रामीण जलमग्न क्षेत्र में फंस गए थे। फंसे हुए लोगों में 07 बच्चे, 03 महिलाएं और 06 पुरुष शामिल थे। सूचना मिलते ही नारायणपुर पुलिस, आईटीबीपी की 45वीं वाहिनी कड़ेनार और जिला बाढ़ बचाव टीम ने तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

अनुविभागीय अधिकारी पुलिस छोटे डोंगर श्री मनोज मंडावी के मार्गदर्शन और थाना धौड़ाई प्रभारी निरीक्षक श्री पीयूष कटियार के नेतृत्व में पुलिस बल, आईटीबीपी जवानों और जिला बाढ़ बचाव टीम ने संयुक्त रूप से चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। टीम ने जलमग्न क्षेत्र में पहुंचकर सभी 16 ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। 

रेस्क्यू के दौरान सभी जवानों और बचाव दल के सदस्यों ने साहस, तत्परता और उत्कृष्ट समन्वय का परिचय दिया। इसी वजह से इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के बाद सभी ग्रामीणों को आवश्यक सहायता और मदद भी उपलब्ध कराई गई।

नारायणपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि लगातार वर्षा के दौरान नदी-नालों और जलमग्न रास्तों को पार करने का प्रयास न करें। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस या जिला प्रशासन को सूचना दें ताकि समय रहते सहायता पहुंचाई जा सके।