अबूझमाड़ के चार विद्यार्थियों ने प्रयास आवासीय विद्यालय में पाई सफलता, पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर

नारायणपुर, छत्तीसगढ़

Jul 27, 2026 - 21:12
 0  66
अबूझमाड़ के चार विद्यार्थियों ने प्रयास आवासीय विद्यालय में पाई सफलता, पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर

नारायणपुर, 27 जुलाई 2026 आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा आयोजित प्रयास आवासीय विद्यालय चयन परीक्षा 2026-27 में अबूझमाड़ के दूरस्थ क्षेत्र के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विशेष पिछड़ी जनजाति आवासीय विद्यालय, ओरछा के चार विद्यार्थियों का राज्य के विभिन्न प्रयास आवासीय विद्यालयों में चयन हुआ है।

चयनित विद्यार्थियों में विशेष पिछड़ी जनजाति बालक छात्रावास के अरुण नुरेटी, अनिरुद्ध कुमेटी और दिव्यांशु नेताम के साथ ही कन्या छात्रावास की पूर्णिमा नुरेटी शामिल हैं। इन चारों विद्यार्थियों का चयन रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव और बस्तर स्थित प्रयास आवासीय विद्यालयों में हुआ है। विशेष बात यह है कि सभी विद्यार्थी अबूझमाड़ के अति दुर्गम और विशेष पिछड़े क्षेत्र से आते हैं, जहां शिक्षा की सुविधाएं सीमित हैं।

इस उपलब्धि पर छात्रावास अधीक्षक बुधराम कुमेटी ने कहा कि यह विद्यालय परिवार के लिए गर्व और हर्ष का विषय है। उन्होंने कहा कि इन बच्चों की यह सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी कड़ी मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देगी। अधीक्षक ने बताया कि यह परिणाम विद्यार्थियों की लगन, शिक्षकों के निरंतर मार्गदर्शन और विद्यालय में मिले अनुकूल शैक्षणिक वातावरण का परिणाम है।

प्रयास आवासीय विद्यालय राज्य शासन की एक महत्वपूर्ण पहल है जहां नीट और जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की विशेष कोचिंग कराई जाती है। यहां अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आवास, भोजन और अध्ययन की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। इसी वजह से अब बड़ी संख्या में अनुसूचित जाति और जनजाति के छात्र-छात्राएं डॉक्टर और इंजीनियर बनने का सपना साकार कर पा रहे हैं।

विद्यालय के प्राचार्य बुधसिंह मंडावी ने सभी चयनित विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने बच्चों से आग्रह किया कि वे आगे भी पूरी मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई कर नई ऊंचाइयों को छुएं। विद्यालय परिवार ने भी इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए चयनित विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।