कलेक्टर नम्रता जैन ने दिए सख्त निर्देश: बस्तर मुन्ने और नियद नेल्लानार योजना के काम समय पर पूरे करें, संस्थागत प्रसव को बढ़ावा दें
नारायणपुर, छत्तीसगढ़
नारायणपुर जिला कार्यालय के सभाकक्ष में 21 जुलाई 2026 को कलेक्टर नम्रता जैन की अध्यक्षता में साप्ताहिक समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं और विकास कार्यों की गहन समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पीएम जनमन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और आंगनबाड़ी भवन निर्माण सहित सभी स्वीकृत कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराए जाएं। उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग के भी निर्देश दिए।
बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने जिले में संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन और स्वास्थ्य विभाग का मैदानी अमला गर्भवती महिलाओं से निरंतर संपर्क बनाए रखे और उन्हें संस्थागत प्रसव के लाभों के प्रति जागरूक करे। उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती करने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को जिले के सभी बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच और आयुष्मान कार्ड शत-प्रतिशत बनाने के साथ ही मोतियाबिंद से प्रभावित मरीजों का शत-प्रतिशत ऑपरेशन कराने के निर्देश दिए गए।
विकास कार्यों की समीक्षा में राशन दुकान, सामुदायिक भवन और खेल मैदान के निर्माण की प्रगति पर चर्चा हुई। संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए कि सभी स्वीकृत कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूरा करें। कलेक्टर ने सुशासन एक्सप्रेस की प्रगति की भी समीक्षा की और कहा कि यह अभियान दूरस्थ एवं संवेदनशील क्षेत्रों में शासन की सेवाओं को घर-घर तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने शिविरों में प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में महतारी वंदन योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के सभी हितग्राहियों का ई-केवाईसी शत-प्रतिशत पूर्ण कराने, किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ दिलाने, खरीफ सीजन के लिए समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के लक्ष्य को पूरा करने तथा सामाजिक सहायता पेंशन और एग्री-स्टैक पंजीयन जैसे जनकल्याणकारी कार्यों की भी समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने जिले में संचालित बस्तर मुन्ने और नियद नेल्लानार योजना के अंतर्गत चल रहे सभी विकास कार्यों को निर्धारित समय में पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के तहत स्वीकृत कार्यों की नियमित समीक्षा हो और धीमी प्रगति वाले कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कर आमजन को समय पर लाभ पहुंचाया जाए। नियद नेल्लानार क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए विद्युत विहीन गांवों का सर्वे कर शीघ्र विद्युत लाइन स्थापित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि अतिथि शिक्षक और शिक्षा दूतों की नियुक्ति संबंधित पंचायतों के शिक्षित बेरोजगारों में से की जाए।
बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी आकांक्षा शिक्षा खलखो, अपर कलेक्टर बीरेन्द्र बहादुर पंचभाई, एसडीएम अभयजीत मण्डावी, डॉ. सुमित गर्ग, आदिवासी विकास विभाग के प्रभारी सहायक आयुक्त सुनिल कुमार सोनपिपरे, तहसीलदार सौरभ चौरसिया, जिला शिक्षा अधिकारी महेन्द्रनाथ पाण्डे, विजय साहू तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यक्रम अधिकारी लुपेंद्र महिनाग सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उप
स्थित थे।





