धान उपार्जन 2026-27 : किसान पंजीयन के लिए राज्य सरकार ने जारी किए विस्तृत दिशा-निर्देश

नारायणपुर, छत्तीसगढ़

Jul 8, 2026 - 22:59
 0  3
धान उपार्जन 2026-27 : किसान पंजीयन के लिए राज्य सरकार ने जारी किए विस्तृत दिशा-निर्देश

नारायणपुर, 08 जुलाई 2026। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन को पारदर्शी, व्यवस्थित एवं सुचारु बनाने के उद्देश्य से राज्य शासन के खाद्य विभाग ने किसान पंजीयन के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार किसानों का पंजीयन 1 जुलाई 2026 से प्रारंभ होकर 31 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। इस अवधि में नए किसानों का पंजीयन किया जाएगा, वहीं पूर्व से पंजीकृत किसानों के विवरण का सत्यापन एवं आवश्यक संशोधन भी किया जाएगा।

इसी क्रम में जिला कार्यालय के सभा कक्ष में अपर कलेक्टर बीरेंद्र बहादुर पंचभाई ने राजस्व एवं खाद्य विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर पंजीयन प्रक्रिया को निर्धारित नियमों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंजीयन के दौरान भूमि अभिलेख, आधार कार्ड, बैंक खाते की जानकारी सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सावधानीपूर्वक सत्यापन किया जाए, ताकि केवल पात्र किसानों से ही समर्थन मूल्य पर धान खरीदी सुनिश्चित हो सके। जिन किसानों की भूमि, फसल अथवा व्यक्तिगत जानकारी में परिवर्तन हुआ है, वे निर्धारित अवधि में अपने विवरण का अद्यतन करा सकते हैं।

बैठक में संबंधित अधिकारियों को ऑनलाइन पोर्टल पर किसानों की जानकारी नियमित रूप से अपडेट करने तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि या शिकायत का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही सहकारी समितियों एवं संबंधित विभागों को पंजीयन प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ पूर्ण करने के लिए कहा गया।

राज्य शासन ने किसानों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि की प्रतीक्षा न करते हुए समय रहते आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना पंजीयन एवं सत्यापन कार्य पूरा करा लें। इससे धान खरीदी के दौरान अनावश्यक विलंब और कठिनाइयों से बचा जा सकेगा तथा खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान उपार्जन प्रक्रिया किसानों के हित में सफलतापूर्वक संचालित हो सकेगी। बैठक में संयुक्त कलेक्टर डॉ. सुमित गर्ग, जिला खाद्य अधिकारी अलाउद्दीन खान सहित राजस्व एवं खाद्य विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।